बिलासपुर। अब तो सड़क किनारे भी पैदल चलना खतरनाक हो गया है। एक तेज रफ्तार केटीएम बाइक ने पैदल चल रही मां बेटी को टक्कर मार दी। घटना में दोनों की मौत हो गई। घटना थाना सकरी क्षेत्र अंतर्गत कोटा मेन रोड परसदा में 5 जनवरी की शाम हुई। दुर्घटना के बाद सारा क्षेत्र शोक में डूब गया।
मिली जानकारी के अनुसार परसदा निवासी सोनू लहरे की बहन उर्मिला मनहर पति सुरेंद्र मनहर 35 अपनी बेटी मान्या 4 वर्ष के साथ दीनदयाल कॉलोनी में एक घर से मुलाकात कर शाम करीब 6.30 बजे पैदल अपने घर लौट रही थी। जैसे ही कोटा मेन रोड पर पहुंची, सामने से आ रही केटीएम बाइक ओडी 01 7268 तेज गति से आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला ने चालक को धीमी गति से चलने का इशारा किया, बावजूद इसके चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर से उर्मिला और मान्या सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ मां बेटी की मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया। घटना की रिपोर्ट सोनू लहरे ने सकरी थान में दर्ज कराई। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। एक मजदूर परिवार की महिला और बच्ची की असमय मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोरकर रख दिया है।

